NEET-UG 2026 परीक्षा से जुड़े कथित विवादों, अनियमितताओं और परीक्षा प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवालों के बीच विद्यार्थियों के हितों की आवाज़ बुलंद करने के लिए पलटन ग्रुप मोहला द्वारा कल यानी 21 जुलाई को एक शांतिपूर्ण रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली मंगलवार को प्रातः 11:00 बजे बस स्टैंड, मोहला से शुरू होगी, जिसके लिए आयोजकों ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं और जागरूक नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।आयोजकों का कहना है कि NEET-UG 2026 परीक्षा के दौरान सामने आईं कथित गड़बड़ियों के कारण कई छात्रों को दोबारा परीक्षा (Re-NEET) देनी पड़ी है, जिससे उन्हें भारी मानसिक, शैक्षणिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस स्थिति को देखते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। पलटन ग्रुप ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए इस घटनाक्रम के दौरान तनाव के चलते 21 छात्रों की हुई दुखद मौतों पर गहरी चिंता व्यक्त की है, जिसने पूरी शिक्षा व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया है। इसी मुद्दे पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर यह रैली आयोजित की जा रही है।रैली की पृष्ठभूमि को साफ करते हुए आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह आयोजन किसी भी धर्म, जाति, समुदाय, राजनीतिक दल या देश के विरोध में नहीं है। यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से परीक्षा व्यवस्था में सुधार, निष्पक्षता, पारदर्शिता और मेहनती विद्यार्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग को लेकर किया जा रहा है। इसके माध्यम से देशव्यापी लाखों छात्रों द्वारा उठाई जा रही शिक्षा सुधार की आवाज़ को समर्थन देने का संदेश भी दिया जाएगा। आयोजकों ने शिक्षा व्यवस्था में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता को आवश्यक बताते हुए सभी प्रतिभागियों से अपील की है कि वे इस शांतिपूर्ण रैली में बेहद अनुशासित तरीके से शामिल होकर अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी निभाएं।















