दल्ली राजहरा। भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (31 अक्टूबर) तथा भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 13 स्थित मैदान में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मैदान की साफ-सफाई कर पौधरोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी कूटनीति, दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति से आजादी के बाद 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतों के विलय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने देश के राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों महान विभूतियों का जीवन हमें देश की एकता, दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्रहित में रचनात्मक कार्य करना चाहिए।पर्यावरण प्रेमी टिकेश्वर साहू ने कहा कि आज हमारी टीम द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर स्वच्छता अभियान चलाकर और पौधरोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि केवल माल्यार्पण एवं कार्यक्रमों तक सीमित न रखें, बल्कि स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और जनसेवा जैसे रचनात्मक कार्यों के माध्यम से मनाएं। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम के दौरान लोकेंद्र देवांगन ने उपस्थित सभी सदस्यों को भारतीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने की शपथ दिलाई। सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे पौधे लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं मानेंगे, बल्कि उन्हें नियमित पानी देंगे, उनकी सुरक्षा करेंगे और पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करेंगे।कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू, टिकेश्वर साहू, राजकुमार साहू, लोकेंद्र देवांगन, हेमशंकर साहू, कुलेश्वर निर्मलकर, चेलाराम निर्मलकर, कौशल साहू, ताराचंद रावटे एवं रोहित सोरी सहित पर्यावरण संरक्षण टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।🌱 संदेश: महापुरुषों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर एक पौधा लगाएं, स्वच्छता अपनाएं और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लें। पौधा लगाना शुरुआत है, उसे वृक्ष बनाना हमारी जिम्मेदारी है।














