औंधी : जिला मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी के औंधी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेम्हर बांधा से कल बिना बताए निकली एक युवती को पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से कुछ ही घंटों के भीतर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नेवरगांव की युवती नंदनी बढ़ाई (पिता सूरज बढ़ाई) कल 20 मई को अपने माता-पिता को बिना कुछ बताए अचानक घर से कहीं जाने के लिए निकल गई थी। युवती के अचानक गायब होने से परेशान परिजनों ने जब इसकी सूचना औंधी थाना पुलिस को दी, तो महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाई.पी. सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देवचरण पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में औंधी थाना प्रभारी सतीश साहू ने तुरंत एक्शन लिया और आस-पास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया।औंधी थाना से सूचना मिलते ही डोंगरगांव थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकेबंदी कर दी। 20 मई की रात्रि को जब डोंगरगांव जिला राजनांदगांव पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी, तभी टीम ने फोटो के

आधार पर उक्त युवती को रोककर पूछताछ की, जिससे उसकी पहचान नंदनी बढ़ाई के रूप में हुई। रेस्क्यू के दौरान स्थिति तब थोड़ी पेचीदा हो गई जब युवती बार-बार अपने घर जाने से मना करने लगी। इसी बीच रात्रि लगभग 9:00 बजे युवती की तबीयत अचानक कुछ नासाज होने लगी, जिसे गंभीरता से लेते हुए डोंगरगांव जिला राजनांदगांव थाने के द्वारा तत्काल उसका प्राथमिक इलाज कराया गया। इलाज और थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर की सूझबूझ व समझाइश के बाद युवती शांत हुई। इसके बाद वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए युवती को सुरक्षित औंधी थाना पुलिस को सौंप दिया गया, ताकि उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया जा सके। दोनों थानों की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।















