मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में बुधवार को थाना कोहका क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत भवन में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सायबर अपराध, नशामुक्ति, यातायात नियमों और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और आम नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील त्रिपाठी एवं थाना स्टाफ ने उपस्थित ग्रामीणों को सायबर ठगी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों को समझाइश दी कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते, ओटीपी, एटीएम नंबर या अन्य निजी जानकारी साझा न करें। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि यदि कोई ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाता है, तो वह तत्काल सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।पुलिस टीम ने सामाजिक सुधार पर जोर देते हुए ग्रामीणों से शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के लिए अलख जगाने की अपील की। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से लोगों को नियमों का कड़ाई से पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न देने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अलावा, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘अभिव्यक्ति मोबाइल ऐप’ के बारे में जानकारी दी गई और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।इस गरिमामय कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोहका के सरपंच बैसुराम नुरेटी, पंचायत सचिव रेणुका बारसागड़े, उपसरपंच हितेश्वरी कटिंगल, पंच प्रभा एक्का, संगीता भुआर्य, पटेल टिकाराम पुरामे तथा मत्स्य विभाग के इंस्पेक्टर गौरव वर्मा सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।















