औंधी (CG LIVE NEWS 24 ): मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के औंधी क्षेत्र से लगे ग्राम चिंचवाही में लिटिल स्टार क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित वीर शहीद गेंदसिंह नायक स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य और रोमांचक समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमों ने हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिसमें फाइनल मुकाबले में साल्हेभट्टी की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और ₹10,001 नकद राशि व आकर्षक ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं मेजबान चिंचवाही की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जिसे ₹7,001 नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई, तथा धनोरा (महाराष्ट्र) की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹4,001 नकद पुरस्कार हासिल किया।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। क्वार्टर फाइनल मैच में गुडारास और साल्हेभट्टी के बीच भिड़ंत हुई, जिसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुडारास की टीम ने निर्धारित 6 ओवरों में 68 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। इसके जवाब में उतरी साल्हेभट्टी की टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 1 विकेट के नुकसान पर 3.5 ओवरों में ही मैच अपने नाम कर लिया। इसके बाद सेमीफाइनल में साल्हेभट्टी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 रन बनाए और धनोरा के सामने 50 रनों का लक्ष्य रखा। साल्हेभट्टी के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए इस लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव किया और धनोरा को हराकर सीधे फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल का महामुकाबला 6 ओवरों का खेला गया, जिसमें चिंचवाही ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और साल्हेभट्टी के सामने जीत के लिए 43 रनों का टारगेट दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साल्हेभट्टी की टीम ने बेहद ही दबाव वाले इस मैच में संयम और आक्रामकता का संतुलित प्रदर्शन किया और अंतिम ओवर की 5वीं गेंद (5.5 बॉल) पर मैच जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच में त्रिवेन्द्र आत्रम और मनीष उइके ने बेहद किफायती व धारदार गेंदबाजी कर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर से रोका।

पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उमेश बंसोड़ को ‘बेस्ट ऑलराउंडर’ के खिताब से नवाजा गया और ₹201 की विशेष पुरस्कार राशि दी गई। उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान सलामी बल्लेबाजी के साथ-साथ शानदार गेंदबाजी से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा आकाश बंसोड़, जागेश्वर रावटे, राजकुमार बोरकर, उत्तम कमेटी, मनीष साहू, अजय कुमेटी, प्रफुल कुमार बोरकर और राजेंद्र उइके सहित सभी खिलाड़ियों का पूरे आयोजन में सराहनीय योगदान रहा।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में क्षेत्र के कई प्रमुख अतिथि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद सदस्य श्रीमती पुष्पा आत्रम, कंस राम किरसान (ग्राम पटेल), भानु रावटे, टीकम कोठारी, आशीष निर्मलकर, बाली मानकर, मदन भाला, प्रदीप ठाकुर, अनुराग सहारे, अनिल ताराम सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अतिथियों ने विजेता साल्हेभट्टी की टीम को प्रथम पुरस्कार और उपविजेता चिंचवाही की टीम को द्वितीय पुरस्कार सौंपकर सम्मानित किया तथा सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।














