
दल्लीराजहरा। नगर पंचायत चिखलाकसा के वार्ड क्रमांक 13 निवासी 16 वर्षीय दिव्यांग बालिका तन्नुश्री, पिता नेम सिंह की मदद के लिए भाजपा पार्षद ताराचंद पाथोड़ें एवम शान्तनु मेश्राम ने कलेक्टर बालोद को पत्र लिखकर बैटरी चलित ट्राइसिकल उपलब्ध कराने की मांग की थी।कलेक्टर को दिए पत्र में पार्षदो ने बताया था कि तन्नुश्री शारीरिक रूप से लगभग 75 प्रतिशत दिव्यांग है। दिव्यांगता के कारण उसे आने-जाने में काफी परेशानी होती है और वह स्वयं कहीं आने-जाने में असमर्थ है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसके माता-पिता अपने खर्च से बैटरी चलित ट्राइसिकल खरीद पाने में सक्षम नहीं हैं।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आवागमन की सुविधा नहीं होने के कारण बालिका शिक्षा से भी वंचित हो रही है। ऐसे में पार्षदो ने कलेक्टर से बालिका और उसके परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए मानवीय आधार पर बैटरी चालित ट्राइसिकल उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।पार्षदो ने उम्मीद जताई थी कि प्रशासन की मदद से तन्नुश्री को आवागमन में सुविधा मिलेगी और वह अपनी शिक्षा एवं दैनिक गतिविधियों को अधिक स्वतंत्रता के साथ जारी रख सकेगी।जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कलेक्टर सुश्री दिव्या मिश्रा ने ट्राइसिकल आबंटित करने का आदेश जारी किया । ट्राइसिकल मिलने पर तनुश्री ने दिल से कलेक्टर एवम पार्षदो का धन्यवाद दिया।एवम पार्षद ताराचंद पाथोडे एवम शान्तनु मेश्राम ने भी त्वरित कार्यवाही के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।














