औंधी : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह के दिशा-निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर श्री विनोद मिंज के मार्गदर्शन में औंधी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. भीमराव अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औंधी में आयोजित इस कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व औंधी थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्री नवल साव ने किया, जिसमें विद्यालय के लगभग 530 छात्र-छात्राओं को अपराधों, सुरक्षा नियमों और नैतिक जिम्मेदारियों के प्रति विस्तार से जागरूक किया गया। आयोजन के दौरान थाना प्रभारी नवल साव ने स्वयं छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए यातायात नियमों के कड़ाई से पालन करने की सीख दी। उन्होंने बताया कि नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या अन्य वाहन चलाने की अनुमति नहीं होनी चाहिए। संबोधन के अगले क्रम में थाना प्रभारी ने नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर प्रकाश डाला।

विद्यार्थियों को नशे से होने वाली शारीरिक व सामाजिक हानियों से अवगत कराते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की अपील की गई। नए आपराधिक कानूनों तथा महिला व बालिका सुरक्षा पर चर्चा करते हुए बताया गया कि किसी भी अप्रिय घटना या अपराध की जानकारी मिलने पर बिना किसी डर के तत्काल पुलिस को सूचित करें। वहीं बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के लिए किसी से भी ओटीपी, पिन या पासवर्ड साझा न करने और अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने की हिदायत दी गई।कार्यक्रम के अंत में औंधी पुलिस द्वारा क्षेत्र की सुरक्षा के दृष्टिगत अप्रवासी या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना देने हेतु टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया।

थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएं।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री शेखू राम साहू, समस्त शिक्षकगण और थाना औंधी का पुलिस स्टाफ विशेष रूप से मौजूद रहा और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।














