*दल्ली राजहरा।* वार्ड नंबर 25 गुप्ता चौक, दल्ली राजहरा में वर्षों से संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 02 को संचालक उमाशंकर गुप्ता द्वारा वार्ड नंबर 20 आशा टॉकीज के पास स्थानांतरित कर दिए जाने से वार्ड के हितग्राहियों में आक्रोश है।वार्ड 21 और 25 के राशन कार्डधारियों ने अनुविभागीय अधिकारी डौण्डी/दल्ली राजहरा को ज्ञापन सौंपकर बताया कि यह दुकान कई वर्षों से वार्ड 25 में ही संचालित हो रही थी, जिससे अंत्योदय, बीपीएल और एपीएल परिवारों को आसानी से राशन मिल जाता था। लेकिन अब दुकान को अचानक वार्ड 20 में शिफ्ट कर दिया गया है।हितग्राहियों का कहना है कि नई जगह पर जाने के लिए उन्हें मुख्य मार्ग पार करना पड़ता है, जहां बड़े वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। इससे बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को राशन लाने में भारी परेशानी हो रही है और भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।ज्ञापन में हितग्राहियों ने मांग की है कि जनहित को देखते हुए राशन दुकान को पुनः वार्ड नंबर 25 में ही संचालित किया जाए, अथवा उसे दक्षिण-पूर्व रेलवे वार्ड क्रमांक 02 में जोड़ा जाए, ताकि गरीब हितग्राहियों को समय पर और सुरक्षित रूप से राशन मिल सके।














