दल्ली राजहरा । स्थानीय डीएव्ही विद्यालय मे आज प्रातः प्राचार्य श्री जी.व्ही. राजशेखर राव ने ध्वजारोहरण किया। देश का 80 वॉ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।आज के इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथिगण बच्चों के दादा-दादी एवं नाना-नानी थे। सभी ग्रांडपेरेन्ट्स ने उत्साहपूर्वक ध्वजारोहण कार्यक्रम में शिरकत कर समारोह की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर प्राचार्य श्री राव ने उपस्थित जनों को संक्षिप्त एवं सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि देश का विभाजन एक त्रासदी था। आज लेकिन समय आ गया है कि हम पुनः विश्व के समक्ष एकता का मिसाल स्थापित करें। देश ने हमें बहुत कुछ दिया है, हमें अनेक मूलभूत अधिकार दिए है। लेकिन हमें भूलना नहीं चाहिए कि अधिकार एवं कर्तव्य दोनों ही समानांतर चलते है। आज का विद्यार्थी एवं युवाजन अगर दिगभ्रमित हो रहे हैं तो ऐसी स्थिति में माता-पिता, दादा-दादी एवं नाना-नानी की जिम्मेदारी बढ़ती जा रही है, हम उन्हे सही मार्गदर्शन करें, जिससे सभी राष्ट्र के उत्थान में अपना उचित योगदान सुनिश्चित कर सकें। आज के इस गरिमामयी समारोह में सभी विद्यालयीन बच्चे, शिक्षकगण, कार्यालयीन कर्मचारी एवं चतुर्थश्रेणी कर्मचारी उपस्थित थे। अंत में बच्चों सहित सभी को मिष्ठान वितरण किया गया।













