नगरपालिका क्षेत्र दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 18 स्थित राजाबाड़ा स्कूल में जन मुक्ति मोर्चा के प्रयासों से आखिरकार बच्चों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल गई है। लंबे समय से नल न होने के कारण स्कूल के बच्चे बाहर लगी टंकी का गंदा पानी पीने को मजबूर थे।जानकारी के अनुसार टंकी की कई वर्षों से सफाई नहीं हुई थी। काई जमी होने के कारण पानी दूषित हो गया था, जिससे बच्चों के मलेरिया, टाइफाइड और डेंगू बुखार से पीड़ित होने की आशंका बढ़ गई थी।इस समस्या को लेकर जन मुक्ति मोर्चा के नगर अध्यक्ष महेंद्र गंजीर “गुड्डू” ने 12-8-2026 को मोर्चा के लेटर के माध्यम से नगरपालिका में आवाज उठाई। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द राजाबाड़ा स्कूल में नल के माध्यम से शुद्ध पानी की व्यवस्था की जाए और स्कूल से लगी पानी टंकी की सफाई कराई जाए।ज्ञात हो कि वर्तमान में पुराने राजाबाड़ा में 15 अगस्त को रामधनी का कार्यक्रम होता है, जिसका चाय-नाश्ता और खाना नए राजाबाड़ा स्कूल में ही बनता है। इसे ध्यान में रखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष से निवेदन किया गया था कि 14-8-2026 तक स्कूल में नल और टंकी की सफाई सुनिश्चित हो।जन मुक्ति मोर्चा के दबाव और पहल के बाद 14-8-2026 को ही स्कूल में नल कनेक्शन लगा दिया गया। साथ ही नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा टंकी की काई साफ कर ब्लीचिंग पाउडर डालकर पानी को फिल्टर भी किया गया।इस सफलता पर पुराना बाजार वार्ड क्रमांक 18 राजाबाड़ा स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों और वार्डवासियों ने जन मुक्ति मोर्चा के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही शहीद कामरेड शंकर गुहा नियोगी जी के रास्ते पर चलने के लिए मोर्चा को बधाई भी दी।













