दल्ली राजहरा, नगर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से अवैध रूप से शराब की बिक्री खुलेआम किए जाने के विरोध में मज़दूर नेता संजय सिंह ने आज आमरण अनशन प्रारंभ किया। उनका आरोप है कि नगर की लगभग हर गली-मोहल्ले में अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है, जिससे अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।संजय सिंह ने कहा कि अवैध शराब की आसान उपलब्धता के कारण युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। नशे की वजह से युवा अपराध की ओर अग्रसर हो रहे हैं, वहीं परिवारों में कलह, चोरी, छीनतई तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में भी लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राजहरा पुलिस एवं आबकारी विभाग को कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन आज तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि अवैध शराब कारोबारियों को पुलिस एवं आबकारी विभाग का संरक्षण प्राप्त है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।आमरण अनशन प्रारंभ होने से पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दल्ली राजहरा के अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने संजय सिंह को गुलाल लगाकर एवं माला पहनाकर अनशन पर बैठाया। इस अवसर पर मेटल माइन्स वर्कर्स यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष अभय सिंह, केंद्रीय पदाधिकारी भूपेंद्र दिल्लीवार, इंटक के दल्ली राजहरा अध्यक्ष तिलक मानकर, राजू विनायक, रामजीत, प्रदीप साहू, राघवेंद्र ठाकुर, आत्माराम, मोनू, रंजन, सुशील, सुखचैन सिंह, गौरीशंकर सिंह, शेष भुआर्य, यात्री कुमार, अमन, शोभा चौकसे, लक्ष्मी, मीना विश्वकर्मा, संध्या सहित बड़ी संख्या में मज़दूर नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।संजय सिंहमज़दूर नेता, दल्ली राजहरा















