नवा रायपुर, CG LIVE NEWS 24 । छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई प्राचार्यों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) के प्रभार में बदलाव किया है। इस संबंध में मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से आदेश जारी किया गया।

जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक आधार पर अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से नवीन पदस्थापना दी गई है। आदेश में महासमुंद, रायपुर, बिलासपुर सहित कई जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों के प्रभार में परिवर्तन किया गया है।

आदेश के तहत श्री बी.एल. देवांगन को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं श्री हिमांशु भारतीय को लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर में प्रभारी उप संचालक का दायित्व दिया गया है। श्री एम.जी. सतीश कुमार को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर तथा श्री विजय कुमार ताण्डे को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बस्तर बनाया गया है।

इसी प्रकार श्री रमेश्वर जायसवाल को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर का प्रभार सौंपा गया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में अन्य अधिकारियों के दायित्वों में भी परिवर्तन किया गया है।

शिक्षा विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















