मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ( CG LIVE NEWS 24 ) : जिले में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पीताम्बर पटेल, श्री देवचरण पटेल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मानपुर पुलिस ने एक ट्रक से लगभग 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से आरोपी चालक को गिरफ्तार कर अवैध शराब सहित तस्करी में इस्तेमाल हो रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया है, जिसकी कुल कीमत 75 लाख 28 हजार रूपए आंकी गई है।यह पूरी कार्रवाई मुखबिर की पुख्ता सूचना पर की गई। मानपुर पुलिस को खबर मिली थी कि अंबिकापुर पासिंग की एक सफेद रंग की ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लोड कर अंबागढ़ चौकी, मोहला, मानपुर और औंधी मार्ग से होते हुए महाराष्ट्र बॉर्डर की ओर ले जाई जा रही है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी मानपुर निरीक्षक श्री कपिल देव चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एसडीएम कार्यालय मानपुर के समीप मोबाइल चेक पोस्ट (एमसीपी) पॉइंट लगाकर सघन वाहनों की चेकिंग शुरू की।इसी दौरान संदिग्ध वाहन क्रमांक CG 15 DZ 4515 आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने ट्रक रोककर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस स्टाफ ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए घेराबंदी कर उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम बलराम सिंह डांगी, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) बताया। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लोड होने की बात स्वीकार की।वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 9 लाख 60 हजार रुपये कीमत की 100 पेटी रॉयल स्टेज (4800 पौवा), 13 लाख 68 हजार रुपये कीमत की 300 पेटी बीयर (7200 पौवा) और 27 लाख रुपये कीमत की 400 पेटी गोवा व्हिस्की (20,000 पौवा) शामिल है। पुलिस ने 50 लाख 28 हजार रुपये की इस अवैध शराब के साथ ही 25 लाख रुपये कीमत के ट्रक को भी विधिवत जब्त कर लिया है।पूछताछ के दौरान आरोपी चालक ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उक्त शराब मध्य प्रदेश के जिला बैतूल के मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी। इसे नागपुर, देवरी, चिचोला, राजनांदगांव और औंधी और मानपुर के रास्ते महाराष्ट्र बॉर्डर तक पहुंचाया जाना था।

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शराब दुकान नहीं होने के कारण शराब की इस बड़ी खेप को वहां के सरहदी गांवों में खपाने की तैयारी कर रहे थे मानपुर पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और आरोपियों की भूमिका के संबंध में पुलिस विस्तृत जांच कर रही है। इस बड़ी कामयाबी में थाना मानपुर पुलिस स्टाफ और साइबर सेल मोहला का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।















