August 14, 2026

ऐप डाउनलोड करें

लाइव टीवी

अत्याधुनिक डायल-112 ‘फेज-2 नेक्स्ट जेन’ सेवा का भव्य शुभारंभ, वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर 4 नए आपातकालीन वाहनों को किया रवाना

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ शासन के पुलिस मुख्यालय द्वारा जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को आपातकालीन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए कुल चार नए और आधुनिक डायल-112 (Phase-2 Next Gen) वाहन प्रदाय किए गए हैं। इन अत्याधुनिक आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों (ERV) का आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय से गरिमय समारोह में औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह (भा.पु.से.), जिला कलेक्टर श्रीमती तूलिका प्रजापति और भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहनों को जिले की जनता की सेवा के लिए रवाना किया। ये नए वाहन आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह सुसज्जित हैं, जिससे अब जिले के सुदूर और ग्रामीण अंचलों में भी आपातकालीन सेवाओं को पहले से कहीं अधिक प्रभावी, त्वरित और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि डायल-112 राज्य शासन की एक अत्यंत महत्वाकांक्षी, एकीकृत और अत्याधुनिक आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली है। इसके अंतर्गत अब नागरिकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि पुलिस सहायता, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, प्राकृतिक आपदा, नेशनल हाईवे सहायता और रेल मदद जैसी तमाम महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवाएं केवल एक ही नंबर “112” पर चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी। जिले को मिले इन नए ईआरवी (ERV) वाहनों में सुरक्षा और निगरानी के दृष्टिकोण से वैश्विक स्तर की तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इनमें जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम (GPS), मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT), जीआईएस आधारित निगरानी प्रणाली, लोकेशन बेस्ड सर्विस (LBS) और इमरजेंसी लोकेशन सर्विस (ELS) जैसी आधुनिक तकनीकें इनबिल्ट हैं। इस उन्नत प्रणाली की मदद से जैसे ही कंट्रोल रूम को किसी घटना की सूचना मिलेगी, वैसे ही पीड़ित की सटीक लोकेशन ट्रैक कर नजदीकी वाहन को तुरंत मौके पर भेजा जा सकेगा, जिससे संकट के समय त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी।

इस गरिमय और ऐतिहासिक कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दिलीप वर्मा सहित क्षेत्र के अन्य सम्माननीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि आम जनता को 24 घंटे त्वरित और पारदर्शी सहायता पहुंचाना शासन और पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला पुलिस प्रशासन ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के सभी नागरिकों से भावुक अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की दुर्घटना, अपराध, आगजनी, गंभीर चिकित्सा आपातकाल अथवा किसी भी अन्य संकट या विपरीत परिस्थिति में बिना किसी संकोच के तत्काल डायल-112 सेवा पर संपर्क करें और शासन की इस जनकल्याणकारी व सुरक्षात्मक सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Leave a Comment

और पढ़ें
0
Did you like our Portal?

Did you like our Portal?

राज्य चुनें