औंधी। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंतिम छोर और महाराष्ट्र सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्र औंधी में सुरक्षा के बड़े-बड़े दावों की हवा निकलती नजर आ रही है. महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति होने के कारण औंधी ग्राम पंचायत क्षेत्र न केवल स्थानीय बल्कि सीमावर्ती गतिविधियों के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन यहां के मुख्य बस स्टैंड पर लगा ‘त्रिनेत्रम’ सीसीटीवी कैमरा पिछले काफी समय से पूरी तरह बंद पड़ा है. खंभे पर लगा यह निगरानी तंत्र वर्तमान में महज एक शो-पीस बनकर रह गया है.इस लापरवाही की गंभीरता तब और बढ़ जाती है जब यह देखा जाता है कि जिस स्थान पर यह कैमरा लगा है, उसके पास ही औंधी थाना और तहसील कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी विभाग स्थित हैं. तहसील कार्यालय होने के कारण यहां तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता का लगातार आवागमन बना रहता है. अधिकारियों की नाक के नीचे इस तरह कैमरों का बंद होना प्रशासनिक सक्रियता और सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता पर गंभीर सवालिया निशान लगाता है. अपराधों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी की भूमिका अनिवार्य हो जाती है. बस स्टैंड जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थल पर कैमरों का काम न करना अपराधियों को खुला आमंत्रण देने जैसा है, जिससे स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा का भाव पनप रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई अप्रिय घटना घटती है, तो पुलिस के पास साक्ष्यों के अभाव में दोषियों तक पहुँचना नामुमकिन होगा. क्षेत्र की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन से मांग है कि इन कैमरों को तत्काल दुरुस्त किया जाए. असुविधा के लिए हमें खेद है.















