दल्ली राजहरा। नपा दल्ली राजहरा में मान. सर्वोच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों के अनुरूप नपा अध्यक्ष तोरण लाल साहू के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बक्शी के नेतृत्व में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियमों (Plastic Waste Management Rules) तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए नियमों को कड़ाई से पालन कराए जाने हेतु डोर टू डोर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। विदित हो कि मान. न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ एवं प्रदूषण-मुक्त पर्यावरण प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन, विक्रय एवं उपयोग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आवश्यक है। साथ ही, नगर निकायों को जनजागरूकता, नियमित निरीक्षण तथा प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया है, जिस हेतु नगर पालिका दल्ली राजहरा द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक को ना कहते हुए अन्य विकल्प जैसे कपड़े या जूट से बने थैले, स्टील या कांच के बने बोतलों के साथ ही अन्य प्राकृतिक विकल्पों का उपयोग करने हेतु अपील की गई। इसी कड़ी में नपा दल्ली राजहरा द्वारा गठित टीम के द्वारा जनजागरूकता अभियान के साथ ही 23 दुकानदारों से ₹2300 चालान की कार्यवाही की गई। जिसमें नोडल अधिकारी रामगोपाल चंद्राकर, दल प्रभारी बुद्धिमान सिंह, जिला समन्वयक विक्रांत कुमार साहू, सहा. कर्मचारी धरमू बक्शी, अनंत साहू, चिरंजीव साहू, मो. अकबर, एवं निकाय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।















