*डौण्डी/ खैरवाही विकास खण्ड डौण्डी की होनहार छात्रा कुमारी संजीवनी ठाकुर पिता श्री एसराम ठाकुर ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संजीवनी का चयन सत्र 2026-27 के लिए प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, गुढ़ियारी रायपुर में कक्षा 11वीं जीव विज्ञान समूह में हुआ है। प्रतियोगी परीक्षा में प्रदेशभर में तीसरा स्थान प्राप्त कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।संजीवनी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने विद्यालय के समस्त शिक्षकों और माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के निरंतर सहयोग और परिवार के प्रोत्साहन से ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।वर्तमान में संजीवनी ने शासकीय हाई स्कूल खैरवाही से कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा 80.86% अंकों के साथ उत्तीर्ण की है। पढ़ाई के साथ-साथ समाज सेवा का जज्बा रखने वाली संजीवनी का लक्ष्य नीट की परीक्षा पास कर डॉक्टर बनना है। उनका कहना है कि भविष्य में डॉक्टर बनकर वे अपने गांववासियों और प्रदेश के लोगों की सेवा करना चाहती हैं।छात्रा की इस उपलब्धि पर शासकीय हाई स्कूल खैरवाही के प्राचार्य सहित समस्त शाला परिवार ने हर्ष व्यक्त किया और बधाई दी। स्कूल परिवार ने संजीवनी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी।















