वीरेंद्र कुमार / भानुप्रतापपुर ( CG LIVE NEWS 24 । अंतागढ़ मार्ग पर कन्हारगांव और नारायणपुर के बीच अब तेज रफ्तार वाहनों की अंधाधुंध गति पर लगाम लगाने की कवायद तेजी से शुरू कर दी गई है। इस मुख्य मार्ग पर लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं, तेज रफ्तार के डर और स्थानीय ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही व सड़क पार करने में हो रही भारी परेशानियों को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। आबादी वाले इन क्षेत्रों में दिन-रात दौड़ते छोटे-बड़े वाहनों के कारण हादसों का अंदेशा हमेशा बना रहता था और ग्रामीणों का सड़क पार करना किसी बड़े जोखिम से कम नहीं था। ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या और जान-माल के खतरे को देखते हुए जनपद सदस्य वरुण खपर्डे ने मामले को संज्ञान में लिया और लोक निर्माण विभाग (PWD) के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए अति-संवेदनशील स्थानों पर तत्काल गतिरोधक (स्पीड ब्रेकर) बनाने की मांग रखी थी।जनप्रतिनिधि की इस मांग और जनहित से जुड़ी इस संवेदनशील समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग ने मौके का मुआयना किया और मार्ग के लगभग तीन सबसे जोखिम भरे स्थानों को चिन्हित कर वहां गतिरोधक निर्माण का काम शुरू करा दिया है। गतिरोधकों का निर्माण कार्य पूरा होते ही इस मार्ग पर फर्राटा भरते वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगेगा, जिससे ग्रामीणों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सुरक्षित सड़क पार करने में बड़ी राहत मिलेगी। विभाग द्वारा उठाए गए इस जरूरी कदम पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया है, साथ ही ग्रामीणों ने मांग की है कि इन स्थानों पर गतिरोधक के साथ-साथ चेतावनी बोर्ड और यातायात सुरक्षा के अन्य पुख्ता इंतजाम भी जल्द से जल्द पूरे किए जाएं ताकि हादसों पर पूरी तरह से विराम लग सके।














