मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह के निर्देशन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर श्री विनोद मिंज के मार्गदर्शन में थाना मदनवाड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मार्च माह में हुई एक अंधे कत्ल की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की इस साजिश में शामिल आरोपी चंदर सिंह अंधारे (25 वर्ष), हेमंत राणा (21 वर्ष) और चमन लाल देहरी (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, वहीं मामले में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया है।

घटना का पर्दाफाश तब शुरू हुआ जब 5 मार्च 2026 को ग्राम भैंसाटोला के पास कोहका नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर हत्या का मामला सामने आने पर बीएनएस की धारा 103(1), 238 के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36 वर्ष), निवासी राजकट्टा के रूप में हुई। इसके बाद मदनवाड़ा पुलिस और साइबर सेल की मदद से मुख्य संदेही चंदर सिंह अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली, जहां से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक कदम भुआर्य अपनी पत्नी परमेश्वरी के साथ मारपीट करता था और उस पर अवैध संबंध का शक करता था। इससे परेशान होकर परमेश्वरी के भाई चमन देहरी और ममेरे भाई चंदर सिंह अंधारे ने हेमंत राणा और एक नाबालिग के साथ मिलकर कदम भुआर्य को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। 28 फरवरी 2026 को चारों ने कदम भुआर्य को शराब पीने के बहाने चिखलाकसा नाले के पास बुलाया, जहां भुट्टा भूनकर खाने और अत्यधिक महुआ शराब पिलाने के बाद नशा होते ही गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को नाले किनारे रेत में दबा दिया तथा उसका मोबाइल, पर्स व जूते पास के नाले में फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जप्त कर 24 अगस्त 2026 को सभी को गिरफ्तार कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














