कोण्डागांव ( CG LIVE NEWS 24 ) : जिले के थाना अनंतपुर क्षेत्र से पिछले कई महीनों से लापता एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तमिलनाडु के तिरूपपुर जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया है। यह सफलता राज्य स्तर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत मिली है। बालिका के वापस मिलने से परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई है और क्षेत्र में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि बिंजोली निवासी प्रार्थी गनपत नाग ने 29 जनवरी 2026 को थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 8 अगस्त 2025 को मक्का बाड़ी जाने की बात कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने गुम इंसान और अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा और आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी गोपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में जब कॉल डिटेल खंगाली गई, तो बालिका का लोकेशन तमिलनाडु के तिरूपपुर में मिला। सूचना मिलते ही सउनि रामरतन मरकाम के नेतृत्व में एक टीम तत्काल तमिलनाडु रवाना की गई। वहां स्थानीय पुलिस की मदद से विवेकानंद नगर स्थित एक लेडीज हॉस्टल में दबिश देकर 12 अप्रैल को बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया। 14 अप्रैल को टीम बालिका को लेकर वापस अनंतपुर पहुंची, जहां कानूनी औपचारिकताओं के बाद उसे उसके पिता और परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्यवाही की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।

Users Today : 351
Users Yesterday : 1033
Total views : 140051