औंधी : छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में सुरक्षाबलों ने एक बार फिर नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया है। जिले के अंतिम छोर पर स्थित थाना औंधी से लगभग 10 से 12 किलोमीटर दूर कोहक टोला के घने जंगलों में रविवार दोपहर पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक बड़े कैंप को ध्वस्त कर दिया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार और दैनिक उपयोगी सामान बरामद किया गया है। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को विश्वस्त सूत्रों से इनपुट मिला था कि कोहक टोला के जंगल में आरकेबी डिवीजन कमेटी के नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से कैंप लगाकर जमा हुए हैं। सूचना की तस्दीक होते ही औंधी पुलिस बल और कांकेर डीआरजी की एक संयुक्त टीम को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। जवानों ने बेहद सूझबूझ के साथ जंगल में नक्सलियों की घेराबंदी शुरू की। जवान जैसे ही नक्सलियों के कैंप के करीब पहुंचे, नक्सलियों ने उन्हें देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुहतोड़ जवाब दिया। दोपहर लगभग 3 बजे शुरू हुई इस मुठभेड़ में खुद को कमजोर पड़ता देख और जवानों के बढ़ते दबाव के चलते नक्सली घने जंगल और पहाड़ियों की आड़ लेकर भागने पर मजबूर हो गए। जवानों ने नक्सलियों का काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। मुठभेड़ स्थल की तलाशी लेने पर सुरक्षाबलों को वहां से एक इंसास राइफल, जिंदा राउंड से भरी मैगजीन, पावर बैंक, बड़ी मात्रा में दवाइयां, राशन और अन्य नक्सल सामग्री मिली है। सूत्रों का कहना है कि इस कैंप में कुख्यात नक्सली लीडर मलेश राजे अपने पूरे दल के साथ मौजूद था और किसी बड़ी साजिश की रूपरेखा तैयार कर रहा था। जवानों की मुस्तैदी ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया है। इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में रणनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। वर्तमान में सरकार की सख्त रणनीति और 31 मार्च की तय समय सीमा (डेडलाइन) को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं, उसे देखते हुए इस कार्रवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह इस इलाके में नक्सलियों की आखिरी बड़ी मौजूदगी है? हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का रुख स्पष्ट है; उनका कहना है कि जब तक बस्तर और आसपास के इलाकों से अंतिम नक्सली का सफाया नहीं हो जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन और जंगलों में जवानों की मुस्तैदी इसी तरह बनी रहेगी। फिलहाल, कोहक टोला और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कांकेर व मोहला-मानपुर की सीमा पर सघन तलाशी अभियान जारी है।

Users Today : 372
Users Yesterday : 1033
Total views : 140075