Search
Close this search box.

बड़ी सफलता: 1.49 करोड़ की अंतर्राज्यीय साइबर ठगी का पर्दाफाश, नेपाल कनेक्शन के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी :  छत्तीसगढ़ की मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में उत्तराखंड और गुजरात के विभिन्न शहरों से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार पड़ोसी देश नेपाल से जुड़े हुए हैं। मामले का खुलासा तब हुआ जब अंबागढ़ चौकी निवासी प्रार्थी कुनाल अग्रवाल (वार्ड नं. 14, गंज लाइन) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी के मुताबिक, 9 नवंबर 2025 से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल नंबर 9866782961 और 7382164299 के जरिए उनसे संपर्क किया। ठगों ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर निवेश करने के लिए उकसाया। प्रार्थी उनके झांसे में आ गया और पंजाब नेशनल बैंक व एचडीएफसी बैंक के खातों के माध्यम से कुल 1,49,50,000 रुपये (एक करोड़ उनचास लाख पचास हजार) ट्रांसफर कर दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह (IPS) के निर्देशन में थाना अंबागढ़ चौकी में अपराध क्रमांक 03/2026 (धारा 318(4), 317(4) BNS) दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस की दो विशेष टीमें गठित कर तकनीकी विश्लेषण और I4C समन्वय पोर्टल की मदद ली गई। जांच में पाया गया कि ठगी की रकम को 05 अलग-अलग खातों में डलवाकर फिर कई अन्य खातों में ट्रांसफर किया गया और चेक व एटीएम के जरिए निकाला गया। आरोपियों का लोकेशन रुद्रपुर (उत्तराखंड), अहमदाबाद, राजकोट और सूरत (गुजरात) में मिलने पर पुलिस टीमों ने राज्यों में रेड मारकर 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे काठमांडू (नेपाल) के लोगों के संपर्क में थे और उनके साथ मिलकर इस बड़ी ठगी को अंजाम दिया। पकड़े गए आरोपी मुख्य रूप से बैंक खातों की व्यवस्था करने और चेक के माध्यम से पैसे निकालने का काम करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की 

  • मनोज कुमारजी (27 वर्ष) – बेंगलुरु, कर्नाटक
  • सनातन मंडल (32 वर्ष) – उधम सिंह नगर, उत्तराखंड
  • योगेन्द्र सिंह (25 वर्ष) – उधम सिंह नगर, उत्तराखंड
  • युसुफ संधवानी (21 वर्ष) – राजकोट, गुजरात
  • राहुल गुप्ता (26 वर्ष) – अहमदाबाद, गुजरात
  • गौतम भाई बागड़ा (20 वर्ष) – सूरत, गुजरात

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त निम्नलिखित सामग्री बरामद की है:

  • 07 नग मोबाइल (विभिन्न कंपनियों के)
  • 10 नग सिम कार्ड
  • विभिन्न बैंकों के चेक बुक, पासबुक और एटीएम कार्ड

पुलिस ने सभी आरोपियों को स्थानीय न्यायालयों से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पहुँचाया और न्यायालय में प्रस्तुत किया। पुलिस अब इस गिरोह के नेपाल कनेक्शन और अन्य बड़े सदस्यों की तलाश में विस्तृत विवेचना कर रही है।  साइबर ठगों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश न करें। संदिग्ध कॉल या मैसेज आने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Comment