औंधी। बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के लिए जिला मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वॉय.पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में औंधी पुलिस द्वारा ग्राम गट्टेपायली में एक दिवसीय सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।थाना औंधी प्रभारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ रहे डिजिटल खतरों के प्रति सचेत करते हुए विशेष रूप से ‘डिजिटल अरेस्ट’, फर्जी लॉटरी कॉल, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया फ्रॉड के तौर-तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया। पुलिस ने ग्रामीणों से साफ तौर पर अपील की कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी (OTP) या एपीके (APK) फाइल पर भरोसा न करें और अपना बैंक खाता नंबर, आधार, पैन कार्ड जैसी अत्यंत गोपनीय जानकारियां किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

साइबर सुरक्षा के साथ-साथ कार्यक्रम में महिला संबंधी अपराधों और सामाजिक सुरक्षा पर भी चर्चा की गई, जिसके तहत उपस्थित महिलाओं और बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा के अंतर्गत ग्रामीणों को सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी गई। इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच संवाद स्थापित कर आपसी विश्वास और सहयोग को मजबूत करना था, जिसकी उपस्थित ग्रामीणजनों ने खुले दिल से सराहना की।















