मोहला: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के कड़े निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी श्री रोहित देवांगन के कुशल मार्गदर्शन में विभाग द्वारा जिले भर में अवैध मदिरा के खिलाफ लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आबकारी वृत्त मोहला ग्रामीण की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहाँ घेराबंदी कर भारी मात्रा में मध्य प्रदेश निर्मित विदेशी मदिरा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा गया है।मिली जानकारी के अनुसार, आबकारी वृत्त मोहला ग्रामीण प्रभारी श्री एस.आर. भांडेकर के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने भोजटोला-वासडी तिराहा मरकाटोला के पास रणनीतिक रूप से नाकेबंदी की। संदिग्ध स्थिति में गुजर रहे एक युवक को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास मौजूद एक प्लास्टिक की बोरी से तीन पेटियां बरामद हुईं। इन पेटियों को खोलने पर आबकारी अमला भी हैरान रह गया, जिसमें भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब भरी हुई थी।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम आनंद गुलाब सिंह उइके, उम्र 26 वर्ष बताया, जो कि ग्राम ढोलडोंगरी, थाना कोटगुल, जिला गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) का रहने वाला है। आरोपी के कब्जे से बरामद की गई बोरी में कुल 144 नग मध्य प्रदेश निर्मित विदेशी मदिरा “गोवा स्पेशल व्हिस्की” पाई गई। विभाग ने बताया कि जप्त की गई प्रत्येक बोतल में 180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी, जिसकी कुल मात्रा 25.92 बल्क लीटर आंकी गई है। जप्त की गई इस अवैध शराब की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 19 हजार 440 रुपए बताई जा रही है, जिसे अवैध रूप से परिवहन कर खपाने की तैयारी थी।आबकारी विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी आनंद गुलाब सिंह उइके के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत एक कड़ा गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरी बड़ी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में परिवीक्षाधीन आबकारी उप निरीक्षक श्री भूपेंद्र प्रताप लोधी और श्री प्रिंस कुशवाहा की मुख्य भूमिका रही। साथ ही आबकारी आरक्षक महेंद्र कोमरे, रितेश पन्ना सहित परिवीक्षाधीन आबकारी आरक्षक सुश्री कविता और देविका ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए सराहनीय योगदान दिया। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।















