*डौंडी।* आदिवासी बाहुल्य विकास खंड डौंडी के ग्राम पंचायत सिंघोला के आश्रित ग्राम आमाबाहरा में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी ग्रामीणों द्वारा एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डौंडीलोहारा विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पुष्प माला से उनका स्वागत किया।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि पीयूष सोनी ने कहा कि खेल से शरीर और मस्तिष्क दोनों का विकास होता है, इसलिए बच्चों व युवाओं को किसी न किसी खेल में रुचि जरूर रखनी चाहिए। शिक्षा और खेल दोनों ही जीवन में बहुत जरूरी हैं। अच्छी शिक्षा व अच्छे खेल से हम अपने भविष्य को संवार सकते हैं। आज देश के बहुत से युवा अपने खेल का बेहतर प्रदर्शन कर अपने देश का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से खेल भावना से खेलने की अपील की।मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों ने मैदान में जाकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने भाग लिया। अतिथियों द्वारा प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।वहीं कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विधायक अनिला भेंडिया द्वारा ग्रामीणों की मांग पर गांव आमाबाहरा को मुख्य मार्ग से जोड़ने, गांव में आंगनबाड़ी केंद्र, जर्जर शाला भवन की मरम्मत एवं ग्राम घोटिया में महाविद्यालय प्रारंभ करवाने पर विधायक अनिला भेंडिया व उनके प्रतिनिधि पीयूष सोनी के प्रति आभार जताया और भविष्य में भी गांव के विकास में सहयोग की अपेक्षा की।कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सरपंच कौशलिया ठाकुर, मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भोज साहू, युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष जागेश्वर ठाकुर, रामलाल कुमेटी, मधु सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।














