August 15, 2026

ऐप डाउनलोड करें

लाइव टीवी

जनपद सदस्य मंजू संजय बैस की जनपद निधि से वार्ड 14 में कला मंच निर्माण का भूमिपूजन संपन्नमोहल्लेवासियों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को मिलेगा नया मंच

कुसुमकसा, बालोद। ग्राम पंचायत कुसुमकसा के वार्ड क्रमांक 14 के रहवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए जनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस की जनपद निधि से बनने वाले कला मंच का विधिवत भूमिपूजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पंचों एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि जनता की आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें समय पर पूरा करना भी है। वार्ड क्रमांक 14 के नागरिकों द्वारा लंबे समय से कला मंच निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे जनपद निधि से स्वीकृति दिलाकर आज मूर्त रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।उन्होंने कहा कि कला मंच के निर्माण से क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा। स्थानीय युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक उपयुक्त मंच उपलब्ध होगा। साथ ही विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी यह मंच उपयोगी सिद्ध होगा।कार्यक्रम में उपस्थित सरपंच वेद बाई पिस्दा ने जनपद सदस्य मंजू संजय बैस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के विकास में उनका सतत सहयोग मिल रहा है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयास से पंचायत में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं।उपसरपंच नितिन जैन ने कहा कि कला मंच का निर्माण वार्डवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिलेगा तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूती मिलेगी।भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मानित पंच संतोष जैन, दीपक यादव, सुगरा बेगम, रोहन महाला, खेमिन निर्मलकर, देवराज जैन सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे। सभी ने जनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कला मंच आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा और वार्ड के विकास में एक नई पहचान स्थापित करेगा।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया तथा भूमिपूजन उपरांत सभी ने निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होने की शुभकामनाएं दीं। ग्रामवासियों ने विश्वास व्यक्त किया कि कला मंच बनने के बाद वार्ड में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों का स्वरूप और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित होगा।

Balod District
Author: Balod District

Leave a Comment

और पढ़ें
0
Did you like our Portal?

Did you like our Portal?

राज्य चुनें