*दल्ली राजहरा।* नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा में भाजपा शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति सोमवार को की गई। पांचों पदों पर पुरुषों को जिम्मेदारी दी गई है। नवनियुक्त एल्डरमैन के नाम हैं — राजेश दसोडे, महेंद्र पिपरे, महेंद्र सिंह, ललित जैन और राकेश देवांगन। नियुक्ति सूची सामने आते ही विवाद खड़ा हो गया। समाजसेवी आशा सिंह ने इसे महिलाओं के साथ ‘छलावा’ बताया। उन्होंने कहा, _“भाजपा हर मंच से महिलाओं को 50% आरक्षण देने की बात करती है। केंद्र से लेकर राज्य और सदन तक इसकी लड़ाई लड़ने का दावा है। लेकिन दल्ली राजहरा में तस्वीर विपरीत है। क्या पूरे शहर में एक भी योग्य महिला नहीं मिली? यह महिलाओं के साथ धोखा है, घोर अपमान है।”_आशा सिंह ने राज्य शासन से मांग की कि मनोनीत पार्षदों में महिलाओं की नियुक्ति भी सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकार का ‘महिला सशक्तिकरण’ का दावा जमीन पर दिखे। स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठ रहे हैं कि जब 50% आरक्षण की बात हो रही है, तो मनोनयन में महिलाओं की अनदेखी क्यों? फिलहाल नगर पालिका या भाजपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।















