दल्ली राजहरा ( CG LIVE NEWS 24 ) । हिंदू सेना संगठन के विस्तार एवं मजबूती को लेकर शिव संस्कार धाम मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा पसीने के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और नई जिम्मेदारियां सौंपने को लेकर गंभीर रणनीति तैयार की गई। बैठक के दौरान मुख्य रूप से संगठन के आगामी विस्तार, नई इकाइयों के गठन तथा विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर योग्य पदाधिकारियों की नियुक्तियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।संगठन को अधिक सक्रिय और व्यापक रूप देने के लिए बैठक में यह बड़ा निर्णय लिया गया कि नगर में मातृशक्ति एवं युवाओं के लिए अलग-अलग संगठनात्मक इकाइयों का गठन किया जाएगा, ताकि समाज के हर वर्ग की भागीदारी को सुनिश्चित किया जा सके। इसके अंतर्गत आने वाले दिनों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संगठन सचिव, मीडिया प्रभारी सहित अन्य प्रमुख सांगठनिक दायित्वों पर नई नियुक्तियां की जाएंगी।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा पसीने ने कहा कि संगठन को अधिक सशक्त, गतिशील एवं सक्रिय बनाने के लिए व्यापक स्तर पर विस्तार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी महिलाओं से संगठन की मूल विचारधारा और सामाजिक गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष की बातों का समर्थन करते हुए उपस्थित महिलाओं ने भी संगठन के विस्तार एवं सामाजिक कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का दृढ़ संकल्प लिया। संगठन के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में विभिन्न पदों पर आधिकारिक नियुक्तियों की घोषणा कर विस्तार की इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।















