मोहला-मानपुर-अं.चौकी : बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती तूफान “अर्नब” और उससे उत्पन्न होने वाले भारी बारिश के खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ का मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार चक्रवाती तूफान के प्रभाव से आने वाले दिनों में क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है। इस स्थिति में छात्रों और छोटे बच्चों को स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने में काफी समस्याओं और संभावित खतरों का सामना करना पड़ सकता है। बच्चों और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए 29 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को जिले के सभी प्रकार के शैक्षणिक संस्थानों में एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी तनुजा सलाम द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत यह छुट्टी जिले में संचालित होने वाली सभी आंगनबाड़ियों, शासकीय व अशासकीय (सरकारी व प्राइवेट) स्कूलों, महाविद्यालयों और निजी कोचिंग संस्थानों पर समान रूप से लागू होगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। इस फैसले के संबंध में सामान्य प्रशासन, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं महिला व बाल विकास विभाग के सचिवों सहित संभाग के पुलिस व शिक्षा अधिकारियों को भी सूचना जारी कर दी गई है। वनांचल और नदी-नालों वाले इस इलाके में भारी बारिश के दौरान हादसों का खतरा बना रहता है, जिसके चलते प्रशासन ने आम जनता और अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों से दूर रखें तथा बिना किसी अत्यंत आवश्यक कार्य के खराब मौसम में यात्रा करने से बचें।













