निलेश श्रीवास्तव / बालोद : थाना बालोद क्षेत्र के सिंचाई कॉलोनी में लाइब्रेरी से घर लौट रही एक छात्रा पर एसिड फेंकने के सनसनीखेज मामले को पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस जघन्य वारदात की साजिश पीड़िता के ही कथित प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य साजिशकर्ता और एसिड फेंकने वाले उसके साथी, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रतिदिन की तरह लाइब्रेरी से अपने घर वापस जा रही छात्रा पर अचानक एक अज्ञात युवक ने एसिड से हमला कर दिया और तांदुला डैम की दिशा में फरार हो गया। एसिड अटैक में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने पीड़िता के पिता को सूचित किया और उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया। एसडीओपी विनय साहू की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह पीड़िता के प्रेमी यश कुमार सोनकर (20 वर्ष), निवासी कुंदरूपारा बालोद पर गया। शुरुआत में यश ने पुलिस को मनगढ़ंत कहानियां सुनाकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी यश सोनकर ने बताया कि उसका युवती से प्रेम संबंध था। युवती द्वारा किसी अन्य जगह अफेयर होने के संदेह और शादी के लिए तैयार न होने से नाराज होकर उसने अपने स्कूली दोस्त करण कुंजाम (20 वर्ष), निवासी भैरमगढ़ (बीजापुर) के साथ मिलकर एसिड अटैक की योजना बनाई।योजना के तहत 26 सितंबर को करण को बालोद बुलाया गया और 27 सितंबर को एसिड खरीदकर गणेश झांकी के दौरान हमला करने की प्लानिंग थी, लेकिन कड़ी सुरक्षा के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद 05 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जब युवती लाइब्रेरी से लौट रही थी, तब यश के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी करण कुंजाम तांदुला बांध की ओर भागा और वहां से लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंच गया। यश सोनकर के कबूलनामे के बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करण कुंजाम को कोंडागांव से हिरासत में ले लिया। दोनों आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस सफलता में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी और साइबर सेल टीम की मुख्य भूमिका रही। बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं या युवतियों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि, पीछा करने या धमकी देने जैसी घटनाओं को नजरअंदाज न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें।














