दल्लीराजहरा। आगामी भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनसहभागिता से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जगन्नाथ सेवा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्व समाज के प्रमुख पदाधिकारियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लेकर यात्रा को सफल बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।बैठक में प्रमुख रूप से पवन गंगबोइर, विजय कुमार देवांगन, गगन सर, पुरोबी वर्मा, चंद्रशेखर, कुन्नू भंज, किशोर महंती (टुटु), सुरेंद्र बेहरा, राजेंद्र बेहरा, श्रीजीत, नंदा पसीने सहित बड़ी संख्या में सम्मानित महिला सदस्यों की उपस्थिति रही, जो प्रतिवर्ष इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाती हैं।बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रथ यात्रा का व्यापक प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पावन आयोजन से जुड़ सकें। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भगवान जगन्नाथ के रथ का निर्धारित ठहराव रखा जाएगा, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना एवं दर्शन कर सकेंगे। साथ ही यात्रा को अधिक व्यवस्थित, आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से तैयारियां करने पर भी सहमति बनी।जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष मोनू चौधरी ने बताया कि समिति द्वारा लगातार तीसरे वर्ष भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकता, सेवा, भाईचारे और सनातन संस्कृति से जोड़ने का एक पावन माध्यम है। उन्होंने सभी समाजों, युवाओं, मातृशक्ति एवं नगरवासियों से आग्रह किया कि वे तन, मन और श्रद्धा के साथ इस आयोजन में सहभागी बनें और रथ यात्रा को ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।मोनू चौधरी ने कहा कि किसी भी धार्मिक आयोजन की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। जिस प्रकार पिछले वर्षों में नगरवासियों का भरपूर सहयोग मिला, उसी प्रकार इस वर्ष भी सभी के सहयोग और सेवा भावना से रथ यात्रा और अधिक भव्य रूप में निकलेगी। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो लोग किसी कारणवश बैठक में शामिल नहीं हो सके, वे भी इस पुण्य कार्य में आगे बढ़कर अपना सहयोग दें। भगवान जगन्नाथ की सेवा का अवसर मिलना अपने आप में सौभाग्य की बात है।बैठक के अंत में समिति ने सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भगवान जगन्नाथ महाप्रभु से नगर की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।















