दल्ली राजहरा। बीएसपी समूह खदानों के अधिकारियों के नेतृत्व कौशल एवं क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से “तेजी से हो रहे परिवर्तनों के दौर में टीम का नेतृत्व” विषय पर दो दिवसीय नेतृत्व विकास कार्यशाला का आयोजन 22 एवं 23 जून 2026 को माइन वेस्टिब्यूल ट्रेनिंग सेंटर (MVTC), राजहरा में किया गया।कार्यशाला का संचालन प्रख्यात प्रबंधन विशेषज्ञ एवं सेल के पूर्व निदेशक (वाणिज्य) डॉ. शोएब अहमद तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित नेतृत्व प्रशिक्षक एवं इमेज कंसल्टेंट सुश्री आरती शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान बदलते कार्य परिवेश में नेतृत्व की भूमिका, प्रभावी संचार, टीम निर्माण, परिवर्तन प्रबंधन तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यशाला में अधिकारियों ने विभिन्न समूह गतिविधियों, विचार-विमर्श सत्रों एवं अनुभव साझा करने के माध्यम से सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, टीमों का प्रभावी संचालन करने तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक परिणाम प्राप्त करने के लिए उपयोगी ज्ञान एवं व्यावहारिक सुझाव प्रदान किए गए।यह कार्यक्रम आर. बी. गहेरवार के मार्गदर्शन में एमवीटीसी टीम द्वारा आयोजित किया गया। यह आयोजन बीएसपी समूह खदानों द्वारा अधिकारियों के नेतृत्व विकास, क्षमता संवर्धन एवं संगठनात्मक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।















