दल्ली राजहरा। जन मुक्ति मोर्चा के सचिव बसंत रावटे ने मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) माइंस को पत्र लिखकर बीईएमएल (मार्क) के माध्यम से कार्यरत ठेका श्रमिकों के रोजगार को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बीईएमएल (मार्क) की कार्य अवधि 15 जून 2026 को समाप्त हो गई है, जिसके कारण 100 से अधिक श्रमिकों के समक्ष बेरोजगारी का संकट खड़ा हो गया है।ज्ञापन में बताया गया है कि आईओसी राजहरा में मेंटेनेंस एवं सर्विस से संबंधित कार्य बीईएमएल (मार्क) के माध्यम से पिछले लगभग 17 वर्षों से संचालित किया जा रहा है।

इस कार्य में 100 से अधिक श्रमिक प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं और अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। कार्य अवधि समाप्त होने के बाद कार्य बंद कर दिए जाने से इन श्रमिकों एवं उनके परिवारों के सामने आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती हैं।बसंत रावटे ने कहा कि उद्योग, जनहित एवं राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन को तत्काल सकारात्मक निर्णय लेते हुए बीईएमएल (मार्क) की कार्य अवधि बढ़ानी चाहिए तथा बंद कार्य को पुनः प्रारंभ कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से श्रमिकों का रोजगार सुरक्षित रहेगा और उनके परिवारों को आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।जन मुक्ति मोर्चा ने प्रबंधन से मांग की है कि श्रमिकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि प्रभावित मजदूरों को पुनः रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। ज्ञापन देते समय प्रमुख रूप से श्रमिक नेता संजय सिंह, शिवा सिंह, के साथ बी एम एल में कार्य करें श्रमिक साथी उपस्थित रहे















